जगदलपुर रेल मार्ग पर एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच भूस्खलन से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। रेलवे ने चार एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि हावड़ा और भुवनेश्वर मार्ग की कई ट्रेनों का परिचालन सीमित किया है।
ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगड़ा रेल मंडल के अंतर्गत एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच भूस्खलन होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर और किरंदुल क्षेत्र से चलने वाली चार एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा हावड़ा और भुवनेश्वर से जगदलपुर आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों का परिचालन भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। इन ट्रेनों को निर्धारित अवधि में जगदलपुर के बजाय केआरपीयू स्टेशन तक ही चलाया जाएगा।
भूस्खलन के कारण पटरियों पर मिट्टी और मलबा आने से बस्तर संभाग के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अस्थायी व्यवस्था के चलते यात्रियों को 20 से 22 अक्तूबर तक आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस 13 से 20 अक्तूबर तक रद्द रहेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 18516 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस भी 13 से 20 अक्तूबर तक नहीं चलेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 13 से 20 अक्तूबर तक रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस 14 से 21 अक्तूबर तक रद्द की गई है। इन ट्रेनों के रद्द होने से बस्तर क्षेत्र के यात्रियों को दैनिक आवागमन और लंबी दूरी की यात्रा के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
हावड़ा और भुवनेश्वर मार्ग की ट्रेनों का परिचालन सीमित
रेलवे प्रशासन ने हावड़ा और भुवनेश्वर से जगदलपुर आने-जाने वाली ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया है। इन ट्रेनों को निर्धारित अवधि में जगदलपुर के बजाय केआरपीयू स्टेशन तक ही चलाया जाएगा।
ट्रेन संख्या 18005 हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 13 से 20 अक्तूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक ही चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 15 से 22 अक्तूबर तक केआरपीयू स्टेशन से ही रवाना होगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस 13 से 20 अक्तूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक ही संचालित होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 14 से 21 अक्तूबर तक केआरपीयू स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इन बदलावों के कारण संबंधित तिथियों में यात्रियों को जगदलपुर तक सीधी रेल सेवा नहीं मिल सकेगी। ऐसे में उन्हें आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही, अपनी यात्रा की तारीख, ट्रेन के परिचालन और गंतव्य स्टेशन की पुष्टि करने के बाद ही सफर शुरू करें। इस व्यवधान के कारण बस्तर संभाग के यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।