पिकनिक मनाने पहुंची 16 साल की छात्रा की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
- फोटो : amar ujala
पंडरिया क्षेत्र के वनांचल में स्थित भैंसा ओदार जलप्रपात में पिकनिक मनाने पहुंची 16 साल की छात्रा की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। पंडरिया के बैराग पारा की रहने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा आस्था गुप्ता अपने 5-6 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गई थी। नहाते समय वह गहरे पानी में चली गई, जिससे यह हादसा हुआ।
छात्रा के दोस्तों ने उसे पानी में तलाशा और बाहर निकाला। इसके बाद साथी उसे कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ये भी पढ़ें-
लखनऊ से लापता दो मासूम बेमेतरा में मिले: चॉकलेट-समोसे का लालच देकर गाड़ी में बैठाया, मारपीट कर बनाया बंधक
पुलिस का दावा-डूबने से मौत
घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि छात्रा रील बना रही थी और इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार छात्रा की मौत पानी में डूबने से हुई है।
दुर्गम रास्ता और खतरनाक जलकुंड
भैंसा ओदार जलप्रपात कवर्धा से करीब 63 किलोमीटर दूर पंडरिया के वनांचल क्षेत्र में स्थित है। यहां पंडरिया और नेउर के रास्ते पहुंचा जा सकता है। मुख्य सड़क से आगे कच्चा रास्ता है और इसके बाद पैदल चलकर जलप्रपात तक पहुंचना पड़ता है। यह जलप्रपात जंगल और पहाड़ी इलाके के बीच स्थित है। यहां चट्टानों पर हमेशा फिसलन रहती है और आसपास कई गहरे जलकुंड मौजूद हैं। पानी की ऊपरी सतह देखकर उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में जरा-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है