छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कपिल मिश्रा और दो अन्य के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेपाल दौरे को लेकर कथित तौर पर 'झूठी' और 'दुर्भावनापूर्ण' सूचना फैलाने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यहां बताया कि मंत्री सिंह देव ने बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के सिटी कोतवाली थाने में आवेदन देकर कपिल मिश्रा, भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता हरीश खुराना और मेजर (सेवानिवृत्त) सुरेंद्र पूनिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया, 'पुलिस आवेदन की जांच के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई करेगी।' बुधवार से बस्तर संभाग के तीन दिवसीय दौरे पर आए सिंह देव प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पूर्णचंद्र पाढ़ी और बस्तर जिला कांग्रेस के नेताओं के साथ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे।
थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद सिंह देव ट्वीट किया, 'मैंने जगदलपुर पुलिस स्टेशन में कपिल मिश्रा, मेजर पूनिया और हरीष खुराना के खिलाफ, राहुल गांधी के खिलाफ जानबूझकर अफवाह फैलाने और उनकी छवि खराब करने का ओछा प्रयास करने के लिए प्राथमिकी दर्ज कराई है। गुनहगारों को इस षड्यंत्र की कीमत चुकानी होगी।'
मंत्री ने एक ट्वीट में बताया, ‘‘प्राथमिकी जगदलपुर थाने में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल और जिला कांग्रेस के गणमान्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में दर्ज कराई गई।'
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सौंपे शिकायत में सिंह देव ने कहा है कि यह ट्विटर हैंडल पूरी तरह से गलत और दुर्भावनापूर्ण पोस्ट कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार, ट्वीट में कहा गया है कि राहुल गांधी नेपाल के एक पब में एक पार्टी में भाग ले रहे हैं और वहां उन्होंने चीनी राजदूत के साथ एक गुप्त बैठक की थी।
सिंह देव ने कहा है कि यह सोशल मीडिया पोस्ट पूरी तरह से झूठे और निराधार हैं और एक राजनीतिक दल के द्वारा कांग्रेस पार्टी और विशेष रूप से राहुल गांधी की छवि को खराब करने तथा लोगों के मन में घृणास्पद और विभाजनकारी विचारधारा का प्रचार करने के अभियान के रूप में इसे फैलाया जा रहा है।
मंत्री सिंह देव ने कहा, ‘‘गांधी वास्तव में नेपाल की निजी यात्रा पर थे। वे कुछ समारोहों में शामिल हुए। जहां उनकी एक स्थानीय परिचित के साथ फोटो है। ट्वीट में जिसे चीनी महिला के रूप में दिखाया गया है, वह राहुल गांधी की एक नेपाली परिचित महिला है।’’
मंत्री सिंह देव की शिकायत के बाद भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने उनके ट्वीट पर पलटवार करते हुए ट्वीट कर सवाल किया है कि राहुल गांधी ऐसी जगह क्यों गए जहां की वीडियो से उनकी छवि धूमिल हो जाए।
मिश्रा ने हिंदी में ट्वीट कर कहा, ‘‘मुझ पर एफआईआर क्यों? राहुल गांधी जहां खुद गए वहां की वीडियो से उनकी छवि धूमिल हो गई? ऐसी जगह गए क्यों जहां कि वीडियो से छवि धुमिल हो...? अगर अदालत गांधी के पासपोर्ट का विवरण सार्वजनिक करने के लिए कहती है तो क्या आप इसे सार्वजनिक कर पाएंगे? छवि ज्यादा धूमिल ना हो जाएं बाबा की।"