दीवार में चिनवाने की बात सुनते ही मुगल-ए-आजम की सलीम अनारकली की प्रेम कहानी याद आ जाती है मगर छत्तीसगढ़ में एक कलेक्टर ने कुछ ऐसा किया जिससे इसकी यादें ताजा हो गई।
गड़बड़ी की आशंका के बीच चिनवाई ईवीएम
छत्तीसगढ़ में चुनाव का शोर खत्म होने के बाद अब ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जा रहा है। बेमेतरा के मंडी गोदाम में ईवीएम को सील करके रखा गया है। गड़बड़ी की आशंका में जनप्रतिनिधि चौकीदारी कर रहे हैं। तमाम जिला मुख्यालयों के सामने कार्यकर्ता चौकीदारी में जुट गए हैं।
गड़बड़ी की आशंका के बीच बेमेतरा जिले के कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी महादेव कावरे ने ईवीएम को ही दीवार में चिनवा दिया। स्ट्रॉन्ग रूम में रखे जाने के बाद मुख्य दरवाजे को ही दीवार उठवाकर बंद करवा दिया। पिछली बार यहां आधी दीवार बनाई गई थी मगर राजनीतिक चौकीदारी को देखते हुए पूरी दीवार खड़ी कर दी गई है। दीवार के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने लगाया था सरकार पर आरोप
कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने सरकार पर मशीनरी के दुरुपोग के आरोप लगाए थे। उन्होंने ईवीएम में छेड़छाड़ होने की आशंका जताई थी जिसके बाद ईवीएम की निगरानी के लिए प्रदेश भर में कांग्रेसी सक्रिय हो गए थे। कांग्रेसी सूरजपुर, बलरामपुर समेत कई मुख्यालयों में तंबू लगाकर पहरा दे रहे है। 11 दिसंबर को मतगणना के दिन ईवीएम को दीवार से बाहर निकाला जाएगा।