भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में अपने आखिरी उम्मीदवार का नाम भी तय कर दिया। भाजपा ने रायपुर उत्तर से विधानसभा सीट से श्रीचंद सुंदरानी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। इसी के साथ सभी 90 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान करने वाली भाजपा पहली पार्टी बन गई है।
श्रीचंद सुंदरानी मौजूदा समय में इस सीट से विधायक हैं। बताया जाता है कि इस सीट को लेकर खासी जद्दोजहद चल रही थी जिसके बाद आखिर सुंदरानी के नाम पर मुहर लगी। भाजपा की रायपुर उत्तर की एकमात्र सीट की घोषणा अटकी थी। बाकी 89 सीटों पर नामों का एलान हो गया था।
इस घोषणा के बाद प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। इससे पहले जारी की गई भाजपा की दो सूची में 89 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई थी। गुरुवार को सभी उम्मीदवार दूसरे दौर के चुनाव के लिए एक साथ नामांकन भरेंगे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पहली सूची में 78 और दूसरी सूची में 11 प्रत्याशियों के नामों का एलान किया था।