पिछले बार की तरह ही इस बार भी आप गिल्ली डंडा, पिट्टूल, फुगड़ी, गेड़ी और रस्सीकूद जैसे 16 तरह के पारंपरिक खेलों का आनंद ले सकते हैं। 17 जुलाई को हरेली तिहार से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023-24 का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल के निर्देशन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने और खेलों के प्रति जागरूकता फैलाने, खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने और खेल भावना का विकास करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2023-24 की शुरुआत होगी।
पुरस्कृत होंगे विजेता खिलाड़ी
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में विकासखंड व नगरीय क्लस्टर स्तर पर विजेता प्रतिभागियों से लेकर राज्य स्तर के विजेता प्रतिभागियों को प्रभाणपत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विकासखंड व नगरीय क्लस्टर स्तर प्रथम आने वाल विजेता खिलाड़ियों को 1000 रुपए, द्वितीय स्थान आने पर 750 एवं तीसरा स्थान आने पर 500 रुपए की पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह जिला स्तर पर प्रथम आने वाल विजेता प्रतिभागियों को 2000 रुपए, द्वितीय आने पर 1500 रूपए और तीसरे स्थान आने पर 1000 रुपए सहित प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। संभाग स्तर पर विजेता प्रतियोगियों को प्रथम आने पर 3000 रुपए द्वितीय आने पर 2500 एवं तीसरे स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को 2000 रुपए एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। राज्य स्तर पर ओलंपिक के अंतिम आयोजन में प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को 5000 रुए, द्वितीय आने पर 4500 रुपए एवं तीसरे स्थान आने वाले खिलाड़ियों को 4000 रूपए की राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
प्राथमिक चिकित्सा सुविधा रहेगी उपलब्ध
प्रत्येक आयोजन स्तर पर फर्स्ट एड किट की व्यवस्था एवं स्थानीय स्तर पर यथासंभव आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता आयोजन समिति द्वारा की जाएगी। आयोजन स्थल पर एंबुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी जिम्मेदारी आयोजन समिति पर होगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा जारी निर्देशानुसार महिला खिलाड़ियों के लिए रेफरी एवं निर्णायक महिलाएं ही रखी जाएंगी। इसके अलावा विभाग की ओर से आयोजन के सभी स्तर पर खिलाड़ियों से मान्य पहचान प्रमाण पत्र लिया जाना अनिवार्य किया गया है।