छत्तीसगढ़ में माओवादियों का कहर जारी है, बुधवार रात नक्सलियों ने पंचायत सरपंच और डिप्टी सरपंच की हत्या कर दी। इनके अलावा एक वार्ड सभासद गंभीर रूप से घायल हो गया। माओवादियों ने बस्तर रेंज के बीजापुर जिले में जनअदालत बुलाकर दोनों लोगों पर हमला कर मौत के घाट उतारा।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार पुलिस ने बताया कि माओवादियों को संदेह था कि गुडसकल गांव के सरपंच सुखदेव नेगी और उप सरपंच आशाराम मोदीयामी पुलिस के मुखबिरी का काम करते हैं।
वहीं कुछ दिन पहले ही उन्होंने पंचायत चुनाव लड़कर जीत दर्ज की थी जिसका माओवादियों ने बहिष्कार कर दिया था। वहीं घटना उस समय हुई जब 150 के करीब माओवादियों ने गांव में धावा बोलकर जन अदालत बुलाई। इसमें सरपंच और उप सरपंच के साथ क्षेत्र के वार्ड सभासद किरसुराम को भी बुलाया गया।