छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर को नहाय खाय के साथ शुरू होगी। छठ महापर्व आयोजन समिति महादेवघाट रायपुर ने कार्यक्रम को लेकर भव्य तैयारी की है। इस साल 13 नवंबर से छठ पूजा शुरू होगी। पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि समिति ने इस वर्ष छठ पूजा भव्यता और उत्साह से मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, कोरबा, बस्तर एवं अन्य शहरों में बड़े धूम-धाम से मनाया जाता है। रायपुर में छठ पूजा 70 से अधिक स्थानों जैसे खारुन नदी के महादेव घाट, व्यास तालाब और अन्य तालाबों के किनारे इस वर्ष भी छठ पूजा धूम-धाम से मनाया जायेगा। नवा रायपुर अटल नगर में झांझ तालाब के किनारे भव्यता के साथ छठ पूजा का आयोजन किया जायेगा। समिति , जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से शहर के खारुन नदी के महादेव घाट सहित सभी घाटों कि सफाई की जा रही है।
खरना 14 नवंबर को
उन्होंने बताया है कि चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय खाय के साथ प्रारंभ होगी। इस वर्ष नवंबर 13 से नवंबर 16 तक पूरे भारत सहित पूरे विश्व में छठ महापर्व हर्षोल्लास एवं परम्परा के साथ मनाया जायेगा। छठ महापर्व उत्तर भारतीय समाज का एक महत्वपूर्ण पर्व है जो नवंबर 13 को नहाय-खाय से शुरू होगी और नवंबर 16 को खत्म होगी। खरना नवंबर 14 को होगा । 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा। वहीं 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा का समापन होगा। इसके बाद प्रसाद का वितरण होगा।
ये कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिंह ने बताया कि इस बार महादेव घाट में अंतर्राष्ट्रीय लोक गायिका गायत्री यादव (लखनऊ), लोक गायक मुकुल सिंह और लोक गायिका इशरत जहाँ केडिया (मुंबई) 15 नवंबर की शाम चार बजे महादेव घाट में छठ गीतों की प्रस्तुति देंगे। वहीं लोकधारा के मशहूर छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक गीतों से समां बाधेंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा एवं टीम के कलाकार अंतर्राष्ट्रीय नृत्य नाटिका एवं झांकी पेश करेंगे। इसके साथ ही 15 नवंबर की शाम को महाआरती होगी।
'छठी मैया है विश्व की सबसे बड़ी स्वच्छता की ब्रांड एम्बेसडर'
सिंह ने बताया कि छठ महापर्व स्वच्छता का सबसे बड़ा प्रतीक है। वर्तमान में भारत सरकार की ओर से स्वच्छता का कार्यक्रम चलाया जा रहा है जबकि छठ महापर्व प्राचीन काल से ही स्वच्छता का संदश देती आ रही है। इस पर्व पर शुद्ध प्रसाद बनाया जाता है, जिसे सूर्य भगवान को भोग लगाया जाता है। सड़क एवं घाटों की सफाई की जाती है। मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया विश्व की सबसे बड़ी स्वच्छता की ब्रांड एम्बेसडर है।
सात से अधिक देशों में मनाया जाता है छठ पूजा
छठ पर्व ही दुनिया का मात्र एक पर्व है, जिसमें डूबते और उगते सूर्य की पूजा की जाती है। छठ पर्व को षष्ठी पूजा एवं सूर्य षष्ठी व्रत के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष के षष्ठी को मनाया जाने वाला एक हिन्दू पर्व है। सूर्योपासना का यह अनुपम लोकपर्व मुख्य रूप से पूर्वी भारत के बिहार, झारखंज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाता है। छठ पूजा सूर्य और उनकी बहन छठी मइया को समर्पित है। त्यौहार और व्रत के अनुष्ठान कठोर हैं और चार दिनों की अवधि में मनाए जाते हैं। इनमें पवित्र स्नान, उपवास और पीने के पानी से दूर रहना, लंबे समय तक पानी में खड़ा होना और प्रसाद, प्रार्थना और सूर्य देवता को अर्घ्य देना शामिल है। बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग जिस देश एवं राज्यों में जाकर बसे वहां भी अपनी संस्कृति को आज भी बचाये हुऐ हैं। छठ महापर्व नेपाल, फिजी, मॉरीशस, सूरीनाम, कतर, दोहा, गुयाना, अमेरिका, इंग्लैड एवं अन्य देशों में भी मनाया जाता है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर उप प्रमुख कन्हैया सिंह, सन्तोष सिंह, प्रचार-प्रसार सचिव ब्रजेश सिंह, सह सचिव राकेश सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील सिंह, रवींद्र सिंह, मुक्तिनाथ पांडे, शशि सिंह, रामकुमार सिंह, सत्येन्द्र सिंह गौतम, अजय शर्मा, वेद नारायण सिंह कुशवाहा, जयंत सिंह, जय प्रकाश सिंह एवं अन्य सदस्य प्रेस वार्ता में मौजूद रहे।