कटमोरगा मड़ाई गांव में पटाखा मांगने को लेकर हुए विवाद में नाबालिग ने बोधराम बिंझवार पर डंडे और टांगी से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कोरबा: जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत कटमोरगा मड़ाई गांव में पटाखा मांगने को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक नाबालिग ने युवक पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने किया है।
विज्ञापन
घटना का विवरण
मृतक की पहचान बोधराम बिंझवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बोधराम गांव की राशन दुकान से पटाखा और राशन का सामान खरीद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात गांव के ही एक नाबालिग से हो गई। नाबालिग ने बोधराम से फोड़ने के लिए पटाखा मांगा, लेकिन बोधराम ने उसे देने से इनकार कर दिया।
इस बात से आक्रोशित नाबालिग ने कुछ ही देर बाद बोधराम पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बोधराम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल बांगो थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
विज्ञापन
पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
एडिशनल एसपी नीतीश ठाकुर ने बताया कि यह घटना 8 तारीख की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पटाखा और शराब को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आवेश में आकर नाबालिग ने डंडे और टांगी से हमला कर हत्या कर दी। थाना बांगो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया है और विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया है।
एडिशनल एसपी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि छोटी सी बात पर इस तरह की जघन्य वारदात होना चिंताजनक है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।