बीजेपी के रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
BJP MLA Purandar mishra taunts on sachin Pilot: बीजेपी के रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने ईडी की कार्रवाई और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में की गई कांग्रेस की आर्थिक नाकाबंदी मामले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट पर तंज कसा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में 'पप्पू' और छत्तीसगढ़ में 'बिट्टू', क्या यही कांग्रेस की राजनीति बची है? इतना ही नहीं मिश्रा यहीं पर नहीं रुके उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने दैनिक मजदूरी पर मजदूरों को लाकर आर्थिक नाकाबंदी करवाई थी, लेकिन कुछ मजदूरों को उस दिन का पेमेंट नहीं मिला और वे लोग बाद में हल्ला मचा रहे थे। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पायलट को कम-से-कम उन मजदूरों का पेमेंट तो करवा देना चाहिये, जिनको उस दिन की मजदूरी नहीं मिली है।
भाजपा विधायक मिश्रा ने यह भी जानना चाहा है कि सचिन छत्तीसगढ़ आकर क्या यही बताना चाहते हैं कि कांग्रेस परिवारवाद में ही सिमटकर रह गई है? क्या यही भारत की सेवा करना है? देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के वैचारिक दीवालिएपन का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है कि कांग्रेस का आर्थिक नाकाबंदी आंदोलन न देश, न प्रदेश और न ही जनता के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर हुआ, बल्कि शराब घोटाले से अर्जित 16.70 करोड़ रुपए रियल स्टेट में निवेश करने और कुल 1,000 करोड़ रुपए की हेराफेरी करने के मामले में गिरफ्तार भूपेश बघेल के उस बेटे के बचाव में किया गया जो कांग्रेस का पदाधिकारी तक नहीं है!
उन्होंने कहा कि बड़ी विडम्बना ही है कि 140 साल पुरानी पार्टी का अब यह दायित्व हो गया है कि पार्टी को छोड़कर अब घर-परिवार की चिंता कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि जो आर्थिक नाकाबंदी के नाम पर सियासी ड्रामा किया गया, अगर यदि कांग्रेस के नेता अपने घरों में आर्थिक नाकाबंदी कर लेते तो यह समस्या आती ही नहीं। इस नाकाबंदी से साबित हो गया कि पूरी कांग्रेस व्यक्ति के प्रति केंद्रित है जनता के प्रति नहीं। जनता के मुद्दों से कोई कांग्रेस का लेना-देना नहीं है।
पायलट ने किया पलटवार
दूसरी ओर विधायक पुरंदर मिश्रा के बयान पर सचिन पायलट ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता के लिए खड़ी है, परिवार के एक-एक सदस्य के लिए कांग्रेस पार्टी लड़ाई लड़ेगी, चाहें जो भी कर लें, लेकिन हम और हमारी पार्टी एक कदम भी पीछे नहीं हटेगी।