छत्तीसगढ़ बीजेपी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए आज तिरंगा यात्रा निकालेगी। इस दौरान मोटरसाइकिल रैली निकालकर भारत माता की महाआरती की जाएगी। चुनाव में जीत के लिए आशीर्वाद लेगी। कार्यक्रम के मुख्य अथिति भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह होंगे। रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में भारत माता की भव्य आरती की जाएगी। इस महाआरती में सैंकड़ों लोग हाथों में दीपक लेकर भारत माता की आरती करेंगे। इसके बाद अर्जुन्दा के भजन गायक दीपक चंद्राकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने बताया कि रायपुर पश्चिम विधानसभा, भारतीय जनता पार्टी की ओर से हर साल स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विशाल बाइक रैली के बाद भारत माता चौक पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाता है। सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के सामने से भाजपा के हजारों कार्यकर्ता और आम जनता हाथ मे तिरंगा लेकर बाइक रैली की शक्ल में शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेंगे। रैली में महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यात्रा का अंतिम पड़ाव भारत माता चौक गुढ़ियारी होगा,जहां भारत माता की आरती का कार्यक्रम आयोजन होगा।
राजेश मूणत के नेतृत्व में बाइक रैली
भारत माता का पूजन और आरती 51 पंडितों ने वैदिक मंत्रोचार और दीप, धूप, कपूर के साथ संगीत की धुन पर की जाएगी। इस दौरान रायपुर पश्चिम के भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता के अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। भारत माता की महाआरती के पहले दोपहर 3 बजे दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से निकलने वाली मोटरसाइकिल रैली का नेतृत्व पूर्व मंत्री राजेश मूणत खुद बाइक चलकार करेंगे। बताया जाता है कि रैली में लोग हाथों में तिरंगा और भगवा पगड़ी (साफा) पहनकर शहर भ्रमण के लिए निकलेंगे। मूणत ने बताया कि वैसे तो हर साल यह आयोजन होता है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओ में ज्यादा उत्साह है। इसकी वजह यह है कि हम सभी भारत माता का आशीर्वाद लेकर छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेंगे।