छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक 42 वर्षीय अधिकारी ने दंतेवाड़ा जिले में अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकरी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि रायपुर से लगभग 400 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा में अपनी बैरक में शनिवार की रात सीएएफ की 9वीं बटालियन के सहायक प्लाटून कमांडर राजू गुरुंग ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।
उन्होंने बताया कि जब उनके साथियों ने बंदूक की आवाज सुनी, तो वे भागकर उनके बैरक में पहुंचे जहां उनके साथियों ने उन्हें खून से लथपथ पाया। पल्लव ने बताया कि गुरुंग को फौरन स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाई़ड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के पीछे के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उनके परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार, बिलासपुर जिले के अमेरी गांव के रहने वाले राजू गुरुंग ने पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही थी।