साल के आखिर में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। इस बार टिकटों के बंटवारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी काफी सजग है। पार्टी हर हाल में चौथी बार भी विधानसभा चुनाव जीतने की जुगत में जुटी हुई है। भाजपा मिशन 65 प्लस के लक्ष्य को पाने के लिए 43 सीट पर नये चेहरों मौका दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी विधानसभा चुनाव में पहली बार कई बड़े चेहरों की टिकट काट सकती है जिनमें भाजपा के कई मंत्री और विधायक शामिल हैं।
विज्ञापन
आईएनएच की रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी ऐसे मंत्रियों और विधायकों की पहचान करने में जुटी हुई है, जिनके टिकट काटे जाने हैं। जिनके टिकट काटे जाने हैं उनमें 3 मंत्रियों के साथ 21 विधायकों के नाम शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के 5 मंत्री चुनाव हार गए थे। इसलिए पार्टी इस दफे कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहेगी। पार्टी यह रणनीति एंटी इनकम्बेंसी को दूर करने के लिए अजमाने जा रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी सर्वे में जिन विधायकों और मंत्रियों का नाम सी और डी ग्रेड पर आएगा उनका टिकट कटना लगभग तय हैं।
इन बड़े चेहरों में वे नाम शामिल है जो पिछले चुनाव में अपनी सीट हार गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि राज्य की पाटन और रायपुर ग्रामीण सीट पर पार्टी जातिगत समीकरण को तवज्जो देगी। गौरतलब है कि राज्य में कुल 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं।