छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नायब तहसीलदार विपिन पटेल के जन्मदिन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 18 और 19 अक्तूबर की दरमियानी रात रिवर व्यू रोड की बताई गई है। आरोप है कि बीच सड़क कार खड़ी कर केक काटा गया और फिल्मी गाने पर रील बनाई गई।
रायपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल के जन्मदिन का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बिलासपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर बीच सड़क कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और फिल्मी गाने पर रील बनाने का यह मामला चार दिन बाद थाने पहुंचा। पुलिस अब घटना के समय वाहन चला रहे व्यक्ति और सड़क पर गाड़ी खड़ी करने वाले की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
बीच सड़क कार खड़ी कर काटा केक
पुलिस को दी गई शिकायत और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के अनुसार, यह पूरी घटना 18 और 19 अक्तूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे की है। सरजू बगीचा निवासी 35 वर्षीय अमित साहू ने 23 अक्तूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। अमित साहू रात में रिवर व्यू रोड से अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क पर खड़ी कार पर पड़ी। वाहन क्रमांक CG-04-NY-1910 की डिकी खुली हुई थी, जिसमें केक रखा था और जन्मदिन की सजावट की गई थी।
आतिशबाजी और रील बनाने का आरोप
सड़क पर खड़ी इस कार के आसपास मौजूद लोग जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान अभिनेता सलमान खान की फिल्म के प्रसिद्ध गाने 'ओ ओ जाने जाना' पर रील बनाई जा रही थी। वायरल वीडियो में एक युवक सड़क पर आतिशबाजी की तैयारी करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। हालांकि, मौके पर वास्तव में पटाखे जलाए गए या नहीं, पुलिस इसकी पुष्टि करने में लगी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा रहने से आवागमन प्रभावित हुआ और दुर्घटना की आशंका बनी रही।
विज्ञापन
रायपुर नहीं बिलासपुर में हुई घटना
शुरुआत में नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पदस्थापना रायपुर जिले में होने के कारण इस वीडियो को सोशल मीडिया पर रायपुर का बताकर प्रसारित किया जा रहा था। जब पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच की, तो घटना की वास्तविक जगह बिलासपुर का रिवर व्यू रोड सामने आई। बिलासपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद कार पंजीयन संख्या के आधार पर मामला दर्ज किया।
वीडियो में शामिल लोगों की पड़ताल
सिविल लाइन थाना पुलिस अब इस मामले में गाड़ी के मालिक, चालक और वीडियो में नजर आ रहे अन्य सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सार्वजनिक सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात प्रभावित करने और कार्यक्रम आयोजित करने में कौन-कौन लोग शामिल थे। प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।