17 सूत्रीय मांगों को लेकर नेशनल पार्क क्षेत्र के 156 गांवों के हजारों ग्रामीण कुटरू के अम्बेली में अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गए हैं। तहसीलदार वीरेंद्र श्रीवास्तव को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद अब ग्रामीण मांग पूर्ण होने तक धरना देने पर अड़े हुए हैं। एसडीएम पंचारी व तहसीलदार श्रीवास्तव के समझाने के बावजूद ग्रामीण नहीं माने और सड़क किनारे ही धरने पर बैठ गए।
बुधवार को मूलवासी बचाओ मंच नेशनल पार्क के बैनर तले नेशनल पार्क क्षेत्र के हजारों ग्रामीण अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने बैठ गए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि बिना ग्राम सभा के नेशनल पार्क इलाके में पुल पुलिया और सड़क निर्माण कार्य न कराया जाए, ऐसा न होने पर आने वाले समय में पर्यावरण को नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों के इस आंदोलन में पूर्व युवा आयोग सदस्य अजय सिंह और सीपीआई के नेता भी पहुंचे थे, जिनके साथ आंदोलन व धरना प्रदर्शन की अनुमति को लेकर कुछ देर बहस भी होने लगी, लेकिन बाद में समझा-बुझाकर मामला शांत हो गया। इसके बावजूद अब भी ग्रामीण कलेक्टर या विधायक के आने तक धरने पर बैठे रहने की जिद पर अड़े हैं।