बीजापुर जिले मन की बात कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधि
- फोटो : अमर उजाला
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण को विकसित भारत की मजबूत नींव बताया। प्रधानमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया और देशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। साथ ही छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं की नवाचार क्षमता और वैज्ञानिक सोच को देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
'अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ'
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश केवल प्रेरणादायी नहीं, बल्कि जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
छह हितग्राहियों को मिले वनाधिकार पत्र, छात्रों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने छह हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र वितरित कर उन्हें भूमि पर वैधानिक अधिकार प्रदान किए। इसके साथ ही नीट-2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है और ऐसे विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:
सावन में भोरमदेव धाम पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, 500 से ज्यादा जवान तैनात; ड्रोन व CCTV से निगरानी
'हर घर तिरंगा' और 'एक पेड़ मां के नाम' का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ करते हुए ग्रामीणों को तिरंगा भेंट किया और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने जनअभियानों के प्रति लोगों के उत्साह को भी दर्शाया।