बीजापुर में इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पैंगोलिन शिकार मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वनमंडल बीजापुर और इंद्रावती टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने भोपालपटनम क्षेत्र के सैंड्रापारा गांव में छापेमारी कर आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम पैंगोलिन स्केल बरामद किए।
वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बीजापुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सामान्य वनमंडल भोपालपटनम के एसडीओ नीतीश रावटे ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग पैंगोलिन का शिकार कर उसके स्केल अपने पास रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर गठित टीम ने तत्काल छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 400 ग्राम पैंगोलिन स्केल बरामद किए गए।
एसडीओ रावटे ने कहा कि वन्यजीवों के शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संरक्षित वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार के वन्यजीव अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले इंद्रावती टाइगर रिजर्व के पासेवाड़ा रेंज के नेतिवाड़ा क्षेत्र में बाघ के शिकार का मामला भी सामने आया था। उस मामले में शासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित रेंजर, डिप्टी रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड को निलंबित किया था। लगातार हो रही कार्रवाई को वन्यजीव अपराधों पर नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।