छत्तीसगढ़ के बीजापुर में इन दिनों लगातार भारी बारिश हो रही है। जिसकी वजह से गोदावरी नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया है और नदी नाले उफान पर हैं। नदी का पानी पुलिया पर लगभग 4 फीट तक चढ़ चुका है।
क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और गोदावरी नदी में जलस्तर बढ़ने के चलते शुक्रवार को तेलंगाना के टेकलगुड़ा नाला-पुलिया एक बार फिर ऊफान पर हैं। नदी का पानी पुलिया पर लगभग 4 फीट तक चढ़ चुका है। जिससे तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
विज्ञापन
स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। टेकुलगुड़ा नाला पुलिया छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले और तेलंगाना के भद्राद्री कोत्तागुडेम जिले को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है।
इस मार्ग पर मालवाहक वाहनों के साथ-साथ ग्रामीणों की आवाजाही भी बड़ी संख्या में होती है। मगर जलभराव के कारण सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहन अब इस रास्ते से नहीं गुजर रहे हैं।
विज्ञापन
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति पिछले दो दिनों से बनी हुई है, परंतु शुक्रवार को पानी का बहाव और तेज हो गया, जिससे पुलिया पूरी तरह डूब गई।
कई ग्रामीणों ने बताया कि आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे परेशानी और खर्च दोनों बढ़ गए हैं। प्रशासन ने मौके पर निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती कर दी है। आपदा प्रबंधन दल को भी अलर्ट पर रखा गया है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।