ग्रामीणों ने पकड़ा मवेशियों से भरा ट्रक।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में शनिवार को ग्रामीणों ने गोवंश से भरा हुआ एक ट्रक पकड़ लिया। ट्रक में 60 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इसके चलते तीन गायों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। हालांकि मौका पाकर चालक भाग निकला। ग्रामीणों ने मवेशियों और ट्रक को पुलिस को सौंप दिया है। इसके बाद मवेशियों को गौठान में रखवाया गया है। वहीं चालक के खिलाफ तस्करी का मामला दर्ज हुआ है। दूसरी ओर गोवंश तस्करी को लेकर भाजपा ने विधायक और प्रशासन पर संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, भोपालपटनम क्षेत्र के तिमेड़ गांव में ग्रामीणों ने शनिवार को अंतरराज्यीय गौ तस्करी का भंडाफोड़ किया। ग्रामीणों ने तेलंगाना स्टेट नंबर वाली ट्रक को जैसे ही रोका। ड्राइवर और खलासी ट्रक छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने ट्रक में देखा तो उसमें मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मवेशियों को तिमेड़ गौठान में लाकर रखा गया हैं। वहां उनके चारा पानी का इंतेजाम किया गया हैं। बताया जा रहा है कि इन मवेशियों को हैदराबाद ले जाया जा रहा था।
वहीं दूसरी ओर भाजपा इसके बाद हमलावर है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने स्थानीय विधायक के संरक्षण में प्रशासन की मिलीभगत से तस्करी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधायक के भोपालपटनम में होने के बावजूद कार्यवाही न करवाकर पार्टियों में मस्त रहे। कहा कि कहीं न कहीं प्रशासन की मिलीभगत है। फ्लॉप गौठानो में गौ सेवा देख रेख की बात सरकार करती है, लेकिन कल पकड़े गए तस्करों पर कार्यवाही क्यों नहीं हुई? जबकि भूखे प्यासे रहकर तीन गायों की मौत हो चुकी हैं।