राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश भर के कलेक्टर से साथ बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने नेशनल हाईवे व अन्य सड़कों पर बैठे मवेशियों को हटाने के निर्देश दिए थे। मुख्य सचिव के निर्देश बाद बेमेतरा जिला प्रशासन अब जागा है। बेमेतरा नगर पालिका द्वारा सड़कों पर बैठे मवेशियों को हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
जिले के प्रमुख मार्गों पर आवारा घुमंतु पशुओं के व्यवस्थापन आदि की सतत मॉनिटरिंग के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की गयी है। समिति में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित 9 सदस्य हैं। समिति के उपाध्यक्ष जिला पंचायत व सदस्य सचिव अपर कलेक्टर बनाये गये हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण, उप संचालक, पशुचिकित्सा, अनुविभागीय राजमार्ग, जिला परिवहन अधिकारी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद बेमेतरा सदस्य बनाये गये हैं।
कलेक्टर एल्मा ने इसी तरह की समिति ग्रामीण एवं नगरीय स्तर पर बनाये जाने के निर्देश जिले के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायतों को दिए हैं। समिति प्रत्येक गांव में घर-घर जाकर पशु पालकों को अपने पशुओं को घर में रखने, चरने के लिए सड़क पर न भेजने, आवार न छोड़ने के संबंध में जानकारी देगी।