ट्रक में लगी आग पर फायरकर्मियों ने पाया काबू।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के बलौदाबजार में सोमवार को एक युवक की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बवाल कर दिया। युवक को मौत से गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे पर ट्रक में आग लगा दी। इसके चलते रास्ता जाम हो गया। हंगामे के चलते दो किमी तक वाहन फंसे रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर वहां से हटाया। इसके बाद फायरब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। मामला भाटापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बिलाईगढ़ के गाम मिरचित निवासी महेश केवट अपने परिवार के किसी सदस्य का इलाज कराने के लिए भाटापारा पहुंचा था। इस दौरान वह नेशनल हाईवे-130 के चौक पर पानी पीने के लिए गाड़ी से उतरा और सड़क पार करने लगा। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही महेश की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। वहीं हादसा होते देख लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने ट्रक में आग लगा दी।
बीच सड़क पर ट्रक धू-धू कर जलने लगा। हाईवे पर बवाल और आगजनी होती देख लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक दी। कुछ ही देर में हाईवे पर दोनों ओर से जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एसडीएम रोमा श्रीवास्तव सहित अन्य अफसर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाकर किसी तरह से शांत किया। वहीं फायरब्रिगेड की जानकारी मिलने पर पहुंच गई और ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद ही हाईवे खुल सका और यातायात सुचारू कराया गया।