कुछ दिन पहले ही खबर आई थी कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ सुप्रीमो अजीत जोगी इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। लेकिन अब खबर है कि वह चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। गठबंधन की ओर से कहा गया था कि अजीत जोगी सभी 90 सीटों पर प्रचार के लिए पूरा वक्त दे सकें इसलिए उन्हें चुनाव नहीं लड़ाया जाएगा। अब चर्चा है कि वह अपने बेटे की सीट मारवाही से लड़ सकते हैं।
पहले खबर आई थी कि जोगी राजनांदगांव से चुनाव लड़ सकते हैं जहां से सीएम रमन सिंह चुनाव लड़ते आ रहे हैं। फिर कहा गया कि वह चुनाव ही नहीं लड़ेंगे। लेकिन अब कहा जा रहा है कि अजीत जोगी मारवाही सीट से चुनावी मैदान में खड़े हो सकते हैं। अमित जोगी मनेंद्रगढ़ से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
मारवाही एक आरक्षित सीट है जहां से अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी विधायक हैं। इससे पहले अजीत जोगी इस सीट से विधायक थे। अमित जोगी ने इस संबंध में कहा कि अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन मरवाही की जनता ऐसा ही चाहती है।
अमित ने कहा, उन्होंने (अजीत जोगी) हमेशा ऐसा फैसला लिया है जो जनता की भावनाओं के अनुरूप हो। जनता चाहती है कि वह एक बार फिर यहां से चुनाव लड़ें। उन्हें पूरे प्रदेश में प्रचार करना चाहिए और मरवाही में तो आने की जरूरत ही नहीं है। उन्होंने हमेशा खुद को मरवाही का कामिया (वर्कर) कहा है।