बलरामपुर जिले के राजपुर में डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के भेंट मुलाकात कार्यक्रम में सामरी क्षेत्र के कांग्रेस ब्लाक कमेटियों के अध्यक्ष, पदाधिकारियों के साथ ही जिला पदाधिकारियों ने सामरी विधायक चिंतामणी महाराज पर जमकर भड़ास निकाली। संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज से संगठन की दूरी पहले ही सार्वजनिक थी। टीएस सिंहदेव ने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की सुनने के बाद अपने भाषण में स्पष्ट किया कि वे सामरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह भरोसा नहीं दे सकते कि सबकुछ बेहतर होगा। इसी मंच पर उन्होंने रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह पर भी जमकर हमला बोला था।
लुंड्रा सीट हार जाते, इसलिए दिलाई सामरी से टिकट
चिंतामणी महाराज को लेकर डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने सार्वजनिक तौर पर स्पष्ट किया कि वर्ष 2013 से कांग्रेस के लोगों के कहने पर वे चिंतामणी महाराज को साथ लेकर आए थे। उन्हें लुंड्रा से टिकट दी गई और वे विधायक बनें। वर्ष 2018 में लुंड्रा के लोगों ने उनका विरोध कर दिया। हम लुंड्रा सीट हार जाते इसलिए सामरी के विधायक डा. प्रीतम राम को लुंड्रा एवं चिंतामणी महाराज को सामरी से टिकट दिया गया। पार्टी संगठन इससे सहमत नहीं था। दोनों विधायकों का पिछला आंकड़ा बेहतर था। पिछले चुनाव में वे भारी मतों से जीते थे। मैंने अपने लोगों को समझाया और जवाबदारी ली थी कि उनका काम होगा। कार्यकर्ताओं ने मेहनत कर चुनाव भी जिताया, लेकिन सामरी में कार्यकर्ताओं को इतनी परेशानी उठानी पड़ेगी इसका अंदाजा नहीं था। इस बार मैं इस स्थिति में नहीं हूं कि कार्यकर्ताओं को भरोसा दिला सकूं।