एसडीएम कार्यालय में बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारी बस संचालक और जनप्रतिनिधिगण
- फोटो : अमर उजाला
अंबिकापुर से बलरामपुर के बीच चलने वाली रात्रिकालीन यात्री बसों के निर्धारित मार्ग से संचालन नहीं होने को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बैठक में समाधान निकालने की पहल की गई है। बुधवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों और बस संचालकों के बीच चर्चा के बाद 22 अक्तूबर को गांधी चौक पर प्रस्तावित चक्काजाम को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया।
क्या था मामला
अंबिकापुर-बलरामपुर मार्ग पर रात्रिकालीन बसें निर्धारित रूट से नहीं चलकर दूसरे रास्तों से गुजर रही थीं। इससे स्थानीय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर जिला युवा कांग्रेस नेता राहुल गुप्ता के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), राजपुर को ज्ञापन सौंपा गया था।
ज्ञापन में सभी यात्री बसों का संचालन राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 यानी राजपुर मार्ग से नियमित रूप से कराने की मांग की गई थी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर 22 अक्तूबर को गांधी चौक पर चक्काजाम किया जाएगा।
पढे़ं: छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला, सीएम साय करेंगे शुभारंभ, यहां देखें लाइव मैच
बैठक में सड़क की मरम्मत और बसों के रूट पर चर्चा
आंदोलन की चेतावनी के बाद बुधवार को एसडीएम कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों, आरटीओ बलरामपुर, जनप्रतिनिधियों और बस संचालकों की बैठक हुई। इसमें बस संचालकों ने सड़क पर बने गड्ढों की समस्या उठाई। इस पर सड़क की मरम्मत जल्द कराने को लेकर चर्चा की गई। वहीं, आरटीओ बलरामपुर ने रात्रिकालीन बस संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग से बसों का परिचालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
आश्वासन पूरा नहीं हुआ तो फिर होगा आंदोलन
अधिकारियों और बस संचालकों से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद युवा कांग्रेस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने 22 अक्तूबर को प्रस्तावित चक्काजाम को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और निर्धारित रूट पर बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।