आरोहरण फायनेंसियल सर्विसेस लिमिटेड ब्रान्च अम्बिकापुर के पूर्व शाखा प्रमुख और सहायक प्रमुख द्वारा की गई 62 लाख की हेराफेरी कर गबन करने के मामले में मणीपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व शाखा प्रमुख को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक और आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2024 को थाना मणीपुर में हीरादास मानिकपुरी पिता बृक्षदास मानिकपुरी, उम्र 33 वर्ष, क्षेत्र प्रबंधक आरोहरण फायनेंसियल सर्विसेस लिमिटेड ब्रान्च अम्बिकापुर स्थायी पता पिहरिद मालखरौदा, जांजगीर चांपा के द्वारा इस आशय का रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि पूर्व शाखा प्रमुख अक्षय कुमार टण्डन एवं पूर्व सहायक शाखा प्रमुख लक्ष्मण यादव के द्वारा आरोहरण फायनेंसियल सर्विसेस लिमिटेड ब्रान्च अम्बिकापुर में सेवक रहते हुए, आपराधिक न्यासभंग करते हुए कुल 62,18,279/- रूपये का हेराफेरी कर गबन किया गया है।
आरोपियों द्वारा मिलकर काम करने के परिणाम स्वरूप 54,18,279/- रूपये का गबन एवं नगदी दुरूपयोग तथा 08 लाख रूपये की केवायसी फेराफेरी कर गबन किया गया है। आरोपी लक्ष्मण यादव 15 जनवरी 2024 से फरार है, और आरोपी अक्षय कुमार टण्डन को निलंबित कर दिया गया। दोनों आरोपियों द्वारा कम्पनी के राशि का अपने निजी उद्देश्य के लिए अपने पद का आपराधिक न्यासभंग करते हुए हेराफेरी कर गबन किया गया है। उक्त आरोपियों द्वारा गत 01 अगस्त 2023 से 26 जनवरी 2024 के मध्यम आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया गया है, इनके कृत्य से कम्पनी और बडे़ पैमाने पर ग्राहकों को नुकसान हुआ है। रिपोर्ट पर मणीपुर पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपियों की पता-तलाश एवं गिरफ्तार हेतु त्वरित कार्यवाही करते हुए, पुलिस टीम द्वारा तत्काल मामले के आरोपी पूर्व शाखा प्रमुख अक्षय कुमार टण्डन, उम्र 27 वर्ष, निवासी भुंईगांव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा छ.ग. को वाड्रफनगर से पकड़ा गया। मामले में एक आरोपी पूर्व सहायक शाखा प्रमुख लक्ष्मण यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी कौंधियापारा, थाना महासमुंद फरार है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा प्रयास किया जा रहा है।मामले के आरोपी के पता-तलाश/गिरफ्तारी में थाना मणीपुर से प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, सायबर सेल से प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, मनीष सिंह इत्यादि सक्रिय रहे।