सरगुजा जिले में गौ तस्करी के लिए लग्जरी स्कॉर्पियो के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। बतौली पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन से एक गाय को सुरक्षित मुक्त कराया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
सरगुजा जिले में गौ तस्करी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें तस्करों द्वारा लग्जरी स्कॉर्पियो वाहन का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। लोगों की सतर्कता और समय पर मिली सूचना के आधार पर बतौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से गाय को सुरक्षित मुक्त कराया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी तस्कर मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, झारखंड पंजीयन क्रमांक की एक स्कॉर्पियो में गाय को ले जाए जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी।सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस ने बगीचा रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।शनिवार की देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें एक गाय बरामद हुई। पुलिस ने गाय को सुरक्षित बाहर निकालकर उसके संरक्षण की व्यवस्था की।
बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वाहन में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह किसी संगठित गौ तस्करी गिरोह का मामला हो सकता है। पुलिस वाहन के पंजीयन, मालिक तथा उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तस्कर गाय को कहां से लेकर आए थे और उसे किस स्थान पर ले जाने की योजना थी।बतौली पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।