आदिवासी महिलाओं के हक में आवाज उठाने वाली समाजसेवी बेला भाटिया को सोमवार को करीब 30 गुडें इनके घर में घुस आए और उन्हें बस्तर छोड़ने की धमकी दी। धमकी देने आए लोगों ने कहा कि 24 घंटे के बस्तर छोड़ दो वर्ना जिस घर में किराए पर रहती है उसे जिंदा जला दिया जाएगा। इतना ही नहीं, गुंडों ने बेला भाटिया और उनकी मकान-मालकिन से जबर्दस्ती एक कागज पर दस्तख्त भी कराए जिस पर लिखा था कि बेला भाटिया एक दिन में यह घर छोड़ देंगी।
इंडियन एक्सप्रेस की खहर के मुताबिक, यह धमकी बेला भाटिया के मानवाधिकार आयोग के साथ पंडरीपानी गांव में जाने के दो दिन बाद आई है जहां अक्टूबर 2015 और जनवरी 2016 में सुरक्षाबलों पर आदिवासी महिलाओं के साथ बलात्कार करने का आरोप है। बेला भाटिया, मानवाधिकार आयोग के साथ वहां आदिवासी महिलाओं का बयान दर्ज कराने गईं थीं, यही बात कुछ लोगों को नागंवार गुजरी।
दो सप्ताह पहले, मानवाधिकार आयोग ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में पाया कि सुरक्षा बलों ने 16 आदिवासी महिलाओं के साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न किया, साथ ही आयोग ने सरकार ने इस मामले में रिपोर्ट भी मांगी है।
बता दें कि बेला भाटिया ही वह समाजसेवी थी, जिन्होंने नवंबर 2015 में बस्तर के बीजापुर गांव में पहुंच कर सुरक्षाबलों द्वार आदिवासी महिलाओं के साथ बलात्कार किए जाने का मामला उठाया था। भाटिया ने इस मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज करवाई और मामले को लोगों के संज्ञान में लाईं।