कोरबा के चोरनई नदी एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। साथ ही हत्या की आशंका में जांच शुरू कर दी है।
मोगरा चौकी क्षेत्र के चोरनई नदी तट पर झोपड़ी में रहने वाली ब्रीजो बाई (40) की लाश नदी में उतराती मिली। पति सुमार सिंह मंझवार के चावल लेने लेमरू जाने के बाद वह घर पर अकेली थी। सोमवार दोपहर लौटने पर पति को पत्नी गायब मिली और खोजबीन के दौरान नदी में उसकी लाश दिखी।
विज्ञापन
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पांच किलोमीटर पैदल चलकर और डोंगी से नदी पार कर घटनास्थल पर पहुंचकर शव को निकाला। पुलिस चौकी प्रभारी मंगतु राम मरकाम, प्रधान आरक्षक बल्देव सिंह, सीन ऑफ क्राइम यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारी राजश्री सिंह और आरक्षक राजेश कुमार चंद्रा ने मौके का निरीक्षण किया। शव पर चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन मामला संदिग्ध होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि मृतिका कभी-कभार शराब का सेवन करती थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।