छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में चाय की छोटी दुकान चलाने वाले मनोहर वर्ल्यानी को ठीक-ठीक याद नहीं है कि वे रायपुर की विभिन्न अदालतों में चल रहे कितने मामलों में गवाह हैं।
वे बेफिक्री के साथ कहते हैं, "सौ-सवा सौ मामले होंगे, जिनमें मैं गवाह हूं।" लेकिन दस्तावेजों की मानें तो रायपुर की अदालतों में कम से कम 231 मामले ऐसे हैं, जिनमें मनोहर महत्वपूर्ण गवाह हैं।
इनमें शराबखोरी और सड़क दुर्घटना से लेकर दुष्कर्म और हत्या की कोशिश जैसे मामले भी शामिल हैं। अभी पिछले महीने ही तेलीबांधा थाने की पुलिस ने राजधानी रायपुर के अग्रसेन धाम इलाके में सुबह पांच बजे चार किलोग्राम गांजा जब्त किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया। एफआईआर के अनुसार इस मामले में जब्ती की कार्रवाई मनोहर वर्ल्यानी के समक्ष हुई और वे ही इस मामले के गवाह बनाए गए हैं।
हर मामले में गवाह कैसे बनते हैं मनोहर?
पिछले महीने ही रायपुर के वीआईपी चौक पर पुलिस ने पिस्तौल और गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस की ओर से मनोहर ही गवाह बनाए गए। रायपुर के तेलीबांधा थाने के ठीक पीछे मनोहर की चाय-समोसे की दुकान है। राजधानी के इस व्यस्ततम इलाके में वे पिछले दस सालों से यह दुकान चला रहे हैं। थाने में भी चाय-पानी इसी दुकान से जाता है।
पढ़ें: 112 साल बाद छत्तीसगढ़ में नजर आया सबसे छोटा हिरण
मनोहर कहते हैं, "व्यस्त सड़क है। कोई दुर्घटना होती है तो गवाह के तौर पर मैं सामने रहता हूं तो पुलिस मेरा नाम दर्ज कर लेती है। आसपास में कहीं झगड़ा-फसाद हुआ और मैं सामने रहा तो भला मैं उस घटना से इनकार कैसे कर सकता हूं।"