छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बस्तर जिले में नक्सलियों से निपटने के लिए राज्य पुलिस ने एक नई विशेष इकाई गठित की है। इस विशेष इकाई को ‘बस्तर फाइटर्स' नाम दिया गया है। ‘बस्तर फाइटर्स’ में 2100 कांस्टेबल चुने गए हैं जिनमें नौ ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं, इन्हें बस्तर डिवीजन में तैनात किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आईजी सुंदरराज ने कहा कि शारीरिक और लिखित परीक्षा सहित भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को नौ ट्रांसजेंडर समेत 2100 कर्मियों की चयन सूची जारी की गई। उन्होंने कहा कि ‘बस्तर फाइटर्स' की भर्ती ने क्षेत्र के युवाओं के लिए बस्तर की शांति और विकास में सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए नए रास्ते खोले हैं।" उन्होंने बताया भर्ती प्रक्रिया के दौरान, आंतरिक क्षेत्रों के चुनिंदा युवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया था, ये पहले ही दुर्गमता, संचार और शैक्षिक सुविधाओं की कमी और ऐसी अन्य प्रतिकूल चुनौतियों का सामना कर चुके हैं।
आईजी सुंदरराज ने कहा कि सुरक्षा बलों के सदस्यों को आंतरिक वन क्षेत्र के लोगों के मुकाबले कई कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है क्योंकि उन्हें स्थानीय भाषाओं के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि ‘बस्तर फाइटर्स' इस खाई को पाटने में मदद करेंगे। सुंदरराज ने कहा कि हमें उम्मीद है कि यह इकाई निकट भविष्य में बस्तर क्षेत्र में काफी सकारात्मकता लेकर आएगी।