छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के 30 विधायकों को निलंबित कर दिया गया है। यह सभी विधायक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। विधायकों ने राज्य में निवेश के लिए मुख्यमंत्री रमन सिंह के मेटल्स एंड माइनिंग कॉरपोरेशन रियो टिंटो को दिए निमंत्रण का विरोध किया है।
विधायकों का आरोप है कि रियो टिंटो कॉर्पोरेशन का पंजाब नेशनल बैंक के आरोपी नीरव मोदी के साथ संबंध है। गौरतलब है कि कारोबारी नीरव मोदी पर करीब 114 अरब रुपये के घोटाले का आरोप लगा है और बताया जा रहा है कि 17 बैंकों में लगभग 3 हजार करोड़ रुपये का और भी घपला किया गया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन रुपयों का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया गया होगा।
मोदी ने भारत को लूटा
राहुल गांधी
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष कर रहे हैं। उन्होंने आज एक बार फिर अपने ट्विटर अकाउंट से सवाल पूछा कि देश का चौकीदार कहां हैं। उन्होंने लिखा- पहले ललित फिर माल्या, अब नीरव भी हुआ फरार, कहां है 'न खाऊंगा, न खाने दूंगा' कहने वाला देश का चौकीदार? साहब की खामोशी का राज जानने को जनता बेकरार, उनकी चुप्पी चीख-चीख कर बताए, वो किसके हैं वफादार।
मोदी ने भारत को लूटा। इससे पहले भी उन्होंने मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़े करते हुए कहा था कि पीएम बच्चों को परीक्षा में कैसे पास हों, उस पर 2 घंटे बोल सकते हैं लेकिन नीरव मोदी के मामले पर 2 मिनट नहीं। जेटली इसे छुपा रहे हैं। आप दोषी की तरह बर्ताव करना बंद करें। इस मामले पर बोलिए। मोदी ने भारत को लूटा।
राहुल ने नोटबंदी के साथ पीएनबी घोटाले को जोड़ते हुए इसे आश्चर्यजनक बताया और कहा था कि पीएम मोदी ने 500 और 1000 के नोट बंद कर दिए और देश के पैसों को बैंकिंग सिस्टम में भेज दिया। वहीं नीरव मोदी 22,000 करोड़ रुपए बैंक से लेकर देश छोड़कर भाग गया। पीएम बच्चों को यह बता सकते हैं कि परीक्षा में किस तरह लिखें लेकिन यह नहीं बता सकते कि कैसे नीरव मोदी आम आदमी का पैसा छीनकर भाग गया।