फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: स्कूलों के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले 17 शिक्षक, दो प्राचार्यों को नोटिस

Thu, 08 Oct 2026 05:10 PM IST
अमन कोशले अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर

सार

जिले में स्थित विभिन्न शासकीय विद्यालयों का शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने अचानक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान दो प्राचार्यों सहित सत्रह से अधिक व्याख्याता और शिक्षक बिना किसी सूचना के गायब पाए गए।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिलासपुर जिले में स्थित विभिन्न शासकीय विद्यालयों का शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने अचानक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान दो प्राचार्यों सहित सत्रह से अधिक व्याख्याता और शिक्षक बिना किसी सूचना के गायब पाए गए। गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने दो प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस थमाया है। संयुक्त संचालक शिक्षा अश्विनी भारद्वाज तथा सहायक संचालक प्रकाश तिवारी ने बिल्हा, चकरभाठा, हरदी और हिर्री क्षेत्रों के स्कूलों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की।
विज्ञापन


चकरभाठा के विद्यालय में भारी लापरवाही
निरीक्षण दल जब चकरभाठा के स्वामी आत्मानंद विद्यालय पहुंचा, तो वहां भारी अव्यवस्था देखने को मिली। संस्थान में कुल सत्रह व्याख्याता पदस्थ हैं, लेकिन केवल चार शिक्षक ही विद्यार्थियों को पढ़ाते हुए पाए गए। विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार केरकेट्टा समेत तेरह व्याख्याता अनुपस्थित रहे। जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि उपस्थित चार शिक्षकों ने ही निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षाएं लीं, जबकि अन्य अध्यापकों ने एक भी कालखंड में पढ़ाई नहीं कराई। पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध होने के बाद भी शैक्षणिक माहौल खराब मिलने पर अधिकारी ने प्राचार्य प्रदीप कुमार केरकेट्टा को नोटिस जारी किया। इसके साथ ही सभी व्याख्याताओं को दैनिक समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से अध्यापन कार्य पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।

बिल्हा के स्कूल में भी मिलीं कई खामियां
अधिकारियों की टीम इसके बाद, बिल्हा स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय पहुंची। यहां दस व्याख्याताओं में से आठ उपस्थित मिले, किंतु संकुल शैक्षिक समन्वयक की ओर से नियमित रूप से पढ़ाई नहीं कराने की बात सामने आई। इस प्रशासनिक शिथिलता के कारण प्राचार्य चंद्रमान ठाकुर को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा, विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक आशीष लहरे की उपस्थिति भी नियमित नहीं पाई गई। पूर्व माध्यमिक शाला हरदी में पदस्थ भृत्य कृष्ण कुमार के नियमविरुद्ध संलग्नीकरण की जानकारी मिलने पर संयुक्त संचालक ने जिला शिक्षा अधिकारी को उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने के कड़े निर्देश दिए।
विज्ञापन


भोजन की गुणवत्ता में सुधार के दिए निर्देश
शासकीय प्राथमिक शाला हरदी के निरीक्षण के समय विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों ने संबंधित प्रधान पाठक शुक्ला और भोजन पकाने वाले स्वसहायता समूह को चेतावनी जारी की। उन्हें व्यवस्था में तुरंत सुधार करने और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को कहा गया। दूसरी ओर, शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला हिर्री का निरीक्षण करने पर वहां की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त मिलीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें