आतंकी जाकिर मूसा के पंजाब में छुपे होने की खुफिया सूचना के बाद पूरा प्रदेश अलर्ट पर है। एक ओर जहां फिरोजपुर में पुलिस, एसटीएफ और बीएसएफ सर्च आभियान चला रही है तो वहीं मोगा में जाकिर मूसा के पोस्टर लगाए गए हैं। रेलवे पुलिस ने मोगा रेलवे स्टेशन तथा अन्य कई रेलवे स्टेशनों पर आतंकवादी जाकिर मूसा की अलग-अलग भेषों में छपे पोस्टर लगाए गए हैं।
जिन पर लिखा गया है कि इस आतंकवादी का पता चलने पर नजदीक के पुलिस स्टेशन पर सूचना दें। बता दें कि जाकिर मूसा आतंकी ग्रुप अंसार-गजवा-तुल हिंद (एजीएच) का कमांडर है। पिछले कई दिनों से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं।
रेलवे पुलिस चौकी मोगा के प्रभारी सहायक थानेदार जसवीर सिंह, रेलवे पुलिस फोर्स के प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलराज सिंह की अगुवाई में डॉग स्क्वाएड, फोरेंसिक टीम मोगा रेलवे स्टेशन पर लुधियाना से फिरोजपुर तथा फिरोजपुर से लुधियाना आने-जाने वाली सभी ट्रेनों की बारीकी से चेकिंग की गई। यात्रियों का सामान भी खोलकर चेक किया गया।
रेलवे स्टेशन पर स्थित गोदामों, पार्सल घर, साइकिल स्टैंड, पार्क तथा अन्य कई जगह पर जांच की गई। रेलवे पुलिस के प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति व सामान नहीं मिली है।