एलांते मॉल में एक ब्रांड के प्रमोशन के लिए कार्यक्रम में युवराज और हार्डी संधू अपनी प्रस्तुति दे?
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार के बाद आलोचनाओं में घिरी टीम इंडिया और उसके कप्तान रोहित शर्मा के बचाव में सिक्सर किंग युवराज सिंह आए हैं। वर्ष 2007 में एकमात्र टी-20 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य युवराज सिंह ने कहा कि रोहित एक बेहतरीन खिलाड़ी और कप्तान हैं जिन्हें अगले विश्व कप में भी कप्तानी करनी चाहिए।
शनिवार को एलांते मॉल में एक प्रोमोशन कार्यक्रम में आए युवी ने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हमारे गेंदबाज अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दे सके। उनके मुताबिक इस अहम मैच में लेग स्पिनर चहल को मौका दिया जाना चाहिए था। पंजाब के पेसर अर्शदीप सिंह के बारे युवराज ने कहा कि टीम इंडिया के लिए वह एक बेहतरीन खोज साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे इस युवा गेंदबाज को अंतरराष्ट्रीय स्तर अनुभव मिलता जाएगा वैसे ही उनके प्रदर्शन और खेल में निखार आएगा।
युवी ने प्रशंसकों को नहीं किया निराश, क्रिकेट भी खेला
युवराज सिंह के साथ पंजाबी एक्टर और सिंगर हार्डी भी उनके साथ थे। इन दोनों को देखने के लिए उनके प्रशंसक काफी संख्या में वहां इकट्ठे हो गए। इन दोनों ने अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया। दोनों ने बल्ले और गेंद से क्रिकेट खेला। वहीं हार्डी संधू ने अपने पंसदीदा गाने भी गाए।