चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को टीका लगना शुरू हुआ। पहले दिन पंजीकृत 1000 लाभार्थियों में से 929 ने टीके की पहली खुराक लगवाई। टीकाकरण को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। शहर में बनाए गए सात अलग-अलग केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही लाभार्थियों की कतार लग गई थी। सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक इन्हें टीका लगाया गया ।
निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि 18 से 44 साल के बीच वाले लाभार्थी टीकाकरण को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से एक घंटे का समय दिया जा रहा है। पंजीकरण के अंतर्गत दूसरे दिन शुक्रवार को भी सुबह 10 बजे स्लॉट की बुकिंग खोली गई। महज 10 मिनट में ही 1000 लोगों ने अपना पंजीकरण करवा लिया।
बॉक्स
अब दोबारा करवानी होगी बुकिंग
डॉ. कंग ने बताया कि पंजीकरण के बावजूद जो लोग टीका लगवाने नहीं आए हैं, अब उन्हें पुन: अपना पंजीकरण करवाना होगा। उसके बाद ही उन्हें टीका लगेगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए कुछ लोग बिना पंजीकरण के ही केंद्र पर पहुंच गए थे। इससे अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के बाद ही केंद्र पर टीका लगवाने आए, ताकि व्यवस्था में व्यवधान ना आए। उनका कहना है कि लाभार्थियों को एक साथ सुबह 9 बजे केंद्र पर आने की जरूरत नहीं है। वे बुकिंग में मिले समय के अनुसार ही केंद्र पर आएं ताकि सामाजिक दूरी के मानकों का पालन किया जा सके।
बॉक्स
अलग-अलग उम्र के 4447 लाभार्थ्यों को लगा टीका
टीकाकरण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को अलग-अलग उम्र के 4447 लाभार्थियों को टीका लगाया गया ।जिनमें से 189 स्वास्थ्य कर्मियों को पहली व 54 को दूसरी खुराक, 135 अग्रिम पंक्ति कर्मचारियों को पहली व 55 को दूसरी खुराक लगाई गई। वहीं 45 से 60 साल के बीच के 1550 लोगों को पहली व 625 को दूसरी खुराक व 60 साल से ज्यादा उम्र के 493 लोगों को पहली व 417 को दूसरी खुराक दी गई जबकि 18 से 44 साल के बीच के 929 लाभार्थियों को पहली खुराक लगाई गई।
क्या कहते हैं टीका लगवाने वाले..
आप भी मत चूकिए ये मौका
कोरोना का टीकाकरण बिल्कुल सुरक्षित है। मैं खुशनसीब हूं जो मुझे पहले ही दिन टीका लग गया। सच कहूं तो जितनी जल्दी हो सके, आप सभी भी टीका लगवा लीजिए, क्योंकि संक्रमण से सुरक्षा में टीका ही एकमात्र हथियार है।
-रॉबिन, जीरकपुर
पहले ही प्रयास में टीका लगवाने से खुश
टीकाकरण के लिए मैं काफी समय से इंतजार कर रहा था। जब पता चला कि वीरवार को इसके लिए बुकिंग होगी तो मैंने तय कर लिया था कि पहले दिन बुकिंग करवा लूंगा। मैंने अपने पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली और टीका लगवा लिया है। मुझे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।
-करन वीर, सेक्टर- 28
अफवाहों पर ध्यान दिए बगैर टीका लगवा लें
कोरोना टीकाकरण को लेकर अफवाहों पर ध्यान दिए बिना जितनी जल्दी हो सके टीका लगवाकर खुद को सुरक्षित कर लें। मैंने अपने प्रति अपना दायित्व पूरा कर लिया है। अब तय समय पर इसकी दूसरी खुराक भी लगवाऊंगी।
-चंद्रिका मंडल, सेक्टर 37
टीके के अलावा बचाव का दूसरा विकल्प नहीं
कोरोना का टीका हर उम्र के लोगों के लिए बेहद जरूरी है। मैं तो यही कहूंगा कि जितनी जल्दी हो सके टीका लगवा कर खुद को सुरक्षित कर लेने में ही समझदारी है। टीके को लेकर किसी भी तरह का भ्रम न पालें। इसके अलावा बचाव का और कोई दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं है।
-पुलकित, सेक्टर- 19
टीका हम सबके लिए बेहद जरूरी
कोरोना का टीका हम सबके लिए बेहद जरूरी है। हमें सरकार को धन्यवाद कहना चाहिए। मैंने जीएमएसएच- 16 में टीका लगवाया। वहां की व्यवस्था बहुत ही अच्छी है। स्वास्थ्य विभाग का कार्य वाकई काबिलेतारीफ है।
-प्रिया शर्मा, सेक्टर 34
नहीं हुई परेशानी, आत्मविश्वास बढ़ा
टीका लगवाने के बाद मुझे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई है। हां मेरा आत्मविश्वास जरूर बढ़ गया है। लेकिन टीका लगवाने के बावजूद मैं कोरोना से बचाव के मानकों का कड़ाई से पालन करूंगा।
-विक्की, सीआरपीएफ