केबल तार के रास्ते मौत के द्वार तक एक युवक पहुंच गया। यह पढ़ने में थोड़ा अजीब लग रहा होगा। लेकिन मामला ही कुछ ऐसा है। दरअसल, हरियाणा के पानीपत जिले के नौल्था डाहर के बीच ओएचई केबल चोरी करने की कोशिश में एक युवक हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वह बुधवार अलसुबह शव गरीब रथ की चपेट में आ गया जिससे मृतक का बायां पैर भी कट गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ तार चोरी की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई हवा सिंह ने बताया कि मारुति 800 कार में सवार कुछ युवक मंगलवार रात लगभग दो बजे घटनास्थल पर ओएचई तार चुराने के लिए गए थे।
खंभे पर चढ़कर तार काटते समय एक युवक 25 हजार किलोवॉट तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर कटर, चाबी-पाना, एक बैग और एक जोड़ी जले हुए जूते पड़े मिले।
एक मारुति 800 कार भी लावारिस हालत में ट्रैक के पास खड़ी मिली। शव की तलाशी लेने पर एक मोबाइल भी बरामद हुआ, जिससे परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। मृत्तक की शिनाख्त प्रवेश(32) निवासी राजनगर के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के कारण गरीब रथ ट्रेन लगभग घंटा घटनास्थल पर ही खड़ी रही।
बुधवार सुबह नौल्था में जींद-रोहतक पैसेंजर और एकता एक्सप्रेस भी लगभग दो घंटे खड़ी रहीं। सीनियर सेक्शन इंजीनियर चैन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की कॉल डिटेल के आधार पर अन्य आरोपियों की शिनाख्त का प्रयास किया जाएगा। जल्द ही वारदात में संलिप्त अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- एसआई मंजीत सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी।