चंडीगढ़। एक महीने पहले दड़वा में घर का ताला तोड़कर डेढ़ लाख की नगदी और लाखों के गहने चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के गहने बरामद कर लिए हैं। आरोपी की पहचान मौलीजागरां सुंदर नगर निवासी भरत (19) के रूप में हुई है। रविवार को पुलिस ने आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है।
पुलिस को दी शिकायत में साक्षी ने बताया कि वह दड़वा में रहती हैं और उनकी बलटाना में दुकान है। बीते 27 दिसंबर को वह बलटाना स्थित दुकान पर ही रुक गईं। अगली सुबह वापस आई तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा था और अलमारी से डेढ़ लाख नगदी, तीन सोने अंगूठी, कान की बाली, सोेने का हार समेत अन्य कीमती सामान चोरी हो गया था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत पर दड़वा चौकी इंचार्ज परविंदर सिंह की अगवाई में टीम गठित की गई।
शनिवार को टीम को सूचना मिली कि उक्त आरोपी दड़वा स्थित एक सराफ के पास चोरी के गहने बेचने आया है। इसके बाद टीम ने नाकाबंदी कर उक्त आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से गहने बरामद कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि वह मजदूरी का काम करता है और रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। वहीं पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि उससे चोरी के डेढ़ लाख रुपये बरामद हो सके।