लोकसभा चुनाव में हरियाणा की दसों लोकसभा सीट पर इस बार युवा मतदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। राज्य में 18 से 30 साल की उम्र के कुल मतदाताओं की संख्या 48 लाख 66 हजार 778 है। इनमें से 28 लाख युवक और करीब 20 लाख युवतियां हैं।
अहम बात यह है कि इन युवाओं का मतदान प्रतिशत 75 फीसदी से ज्यादा का रहा है, इसलिए इनका वोट जिस भी राजनीतिक दल की ओर गया तो उसकी तकदीर बदल जाती है। हरियाणा में कुल 1 करोड़ 98 लाख 23 हजार 168 मतदाता हैं। इनमें से एक चौथाई तो युवा वोटर ही हैं।
युवा मतदाता जोश में होता है और घर से मतदान के लिए जरूर निकलता है। पिछले चुनाव में इनका मतदान प्रतिशत 75 फीसदी से ज्यादा दर्ज हुआ था। राज्य की गुरुग्राम लोकसभा सीट में 18 से 30 साल की उम्र के करीब छह लाख 59 हजार 705 मतदाता हैं। वहीं, सबसे कम अंबाला लोकसभा क्षेत्र में है। इस सुरक्षित सीट पर करीब चार लाख 12 हजार 520 मतदाता हैं।
तीन लाख 63 हजार फर्स्ट टाइम वोटर हरियाणा में 18 से 19 साल का तीन लाख 63 हजार 491 मतदाता पहली बार मतदान करेगा। इनमें 2,43,133 युवक व 1,20,339 युवतियां हैं, जबकि 19 ट्रांसजेंडर हैं। हालांकि, हरियाणा में 26 अप्रैल तक लोग अपना मत बनवा सकते हैं। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन कार्यालय की ओर से सभी जिलों में नए मतदाताओं के पंजीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, ऐसे में मतदाताओं का यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
किस लोकसभा में 18-30 साल के कितने मतदाता
सीट युवक युवतियां ट्रांसजेंडर कुल
अंबाला 248024 164451 45 412520
कुरुक्षेत्र 254626 175430 11 430067
सिरसा 296855 196024 21 492900
हिसार 268648 179816 4 448468
करनाल 303782 214963 16 518761
सोनीपत 268092 181303 17 449412
रोहतक 257043 178216 12 435271
भिवानी-महेंद्रगढ़ 267201 185083 9 452293
गुरुग्राम 382717 276936 49 659705
फरीदाबाद 336034 231279 68 567381