सेक्टर-42 लेक की पार्किंग में शक के चलते हुआ विवाद, आरोपी ने खुद को भी तेजधार हथियार से किया घायल पत्नी को भी चोटें आईं
चंडीगढ़। सेक्टर-42 लेक की पार्किंग में मंगलवार शाम एक युवक पर हमला हुआ। रमेश नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ बैठे संदीप पर लोहे के पंच से वार किया। इस हमले में संदीप के चेहरे पर गंभीर चोट आई और उसका जबड़ा टूट गया।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-56 निवासी रमेश को अपनी पत्नी के प्रेम प्रसंग का शक था। इसी संदेह के चलते वह मंगलवार शाम पत्नी का पीछा करते हुए पार्किंग पहुंचा। वहां उसने पत्नी को मोहाली के बलौंगी निवासी संदीप के साथ देखा। इसे लेकर दोनों युवकों में विवाद हो गया। रमेश अपने साथ लोहे का पंच छिपाकर लाया था। उसने विवाद के दौरान संदीप के चेहरे पर वार कर दिया। संदीप को गंभीर चोट लगने के बाद रमेश ने तेजधार हथियार से खुद को भी घायल कर लिया। झगड़े में रमेश की पत्नी को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना पर सेक्टर-36 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों युवक उपचाराधीन हैं। रमेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि संदीप ने उस पर चाकू जैसी वस्तु से चार-पांच वार किए। पुलिस ने अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया है। तीनों के बयान दर्ज करने के बाद आमने-सामने पूछताछ होगी और फिर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।