जीरकपुर बलटाना के हरमिलाप नगर फेज-3 के साथ चंडीगढ़ के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर बने तालाब में डूबते पांच वर्षीय बच्चे को कालोनी के एक युवक ने जान जोखिम में डालकर बचा लिया। बुरी तरह सहमे बच्चे को एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुए है।
जानकारी के अनुसार हरमिलाप नगर कालोनी फेज-3 के मकान नंबर 127 में पांच वर्षीय आदी पुत्र संजय कुमार रिश्तेदारी में आया था। कालोनी के सामाने बने चंडीगढ़ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निकट बने पार्क में आदी खेल रहा था। तभी अचानक उसका पैर फिसलने से वह तालाब में जा गिरा।
वहां खेल रहे अन्य बच्चों ने बच्चे को डूबता देख शोर मचाया। शोर सुनकर मकान नंबर 132 में रहे जय प्रकाश शोर सुनकर वहां पहुंचे तथा तालाब में डूब रहे बच्चे को बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। तालाब में गाद होने से वह धंसने लगे, तो वहां इकट्ठा र्हुइं कालोनी की महिलाओं ने साड़ियां की मदद से जय प्रकाश को बच्चे समेत बाहर निकाला।
कालोनी निवासी राजकुमार, करनसिंह, अमरसिंह, श्वेता आदि ने कहा है कि ट्रीटमेंट प्लांट की बदबू से वह नर्क जैसी जिंदगी जी रहे हैं। उन्होंने ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त करते हुए हलका विधायक से मांग की है कि वह कालोनी निवासियों को इस समस्या से छुटकारा दिलाएं तथा कालोनी के साथ-साथ चारदीवारी कराई जाए।