चंडीगढ़। भाई की मौत से मानसिक तौर से परेशान एक व्यक्ति ने शनिवार सुबह सेक्टर-35बी स्थित सामुदायिक केंद्र में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मुल्लांपुर निवासी परमेश्वर दयाल (36) के रूप में हुई है। परमेश्वर उत्तरप्रदेश के जिला चित्रकूट के बांदा कर्वी का रहने वाला था। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां कोरोना टेस्ट के बाद पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह 8.30 बजे सूचना मिली थी कि सेक्टर-35 स्थित सामुदायिक केंद्र की निर्माणाधीन बिल्डिंग में एक व्यक्ति ने फंदा लगा लिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस उसे तुरंत सेक्टर-16 के अस्पताल में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि परमेश्वर दयाल के बड़े भाई की कुछ समय पहले ही मौत हुई थी। जिस वजह से वह मानसिक तौर से परेशान था। मुल्लांपुर स्थित ईको सिटी में वह लेबर का काम करता था। शुक्रवार रात को वह अपने छोटे भाई के साथ ही सामुदायिक केंद्र में आया था और दोनों ने शनिवार को अपने गांव जाना था, लेकिन शनिवार सुबह उसके छोटे भाई ने फंदे से लटकता देखकर पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।