संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। सिधवां बेट क्षेत्र के मलसिया बाझन नजदीक नहर किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जसवीर सिंह, निवासी गांव शेरेवाल, के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण नशीली वस्तु का सेवन बताया जा रहा है।
घटना की सूचना पर थाना सिधवां बेट की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने कुलविंदर कौर उर्फ गोगा और हरप्रीत सिंह उर्फ मनी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी गिद्दड़विड्डी के इंचार्ज राजविंदरपाल सिंह ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि माघी मेले के दौरान उन्हें सूचना मिली कि जसवीर नहर किनारे गिरा पड़ा है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी हरप्रीत सिंह मृतक को पैदल ले गया और महिला कुलविंदर कौर ने नशीली वस्तु दी, जिसके बाद जसवीर की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
पति के जेल जाने के बाद संभाला नशे का कारोबार
नामजद आरोपी महिला के पति जसवीर सिंह उर्फ रोली को 9 जनवरी को 11 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस का आरोप है कि पत्नी ने पति के कारोबार को आगे बढ़ाया और नशा बेचते हुए यह दुखद घटना सामने आई। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।