चंडीगढ़। सेक्टर-52 निवासी 31 वर्षीय दीपक की संदिग्ध मौत के मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बाद सेक्टर-36 थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक और युवती साइकिल पर दीपक का शव ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस जांच में दोनों की पहचान अनिल और आरती के रूप में हुई है, जो कजहेड़ी के मकान नंबर 267 में किराये पर रहते थे। वीडियो सामने आने के बाद से दोनों घर पर ताला लगाकर भाग गए हैं। पुलिस टीमें उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनिल और आरती नशे के आदी हैं। मृतक दीपक भी घटना वाली रात उनके घर नशा करने गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपक की मौत का कारण नशे की ओवरडोज बताया गया है। पुलिस का कहना है कि शव को साइकिल पर ले जाकर ठिकाने लगाने के पीछे की असली वजह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी गई है।