योग मेगा फेस्ट की शुरुआत वीरवार से हो रही है। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर के संबोधन को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का करटेन रेजर माना जा रहा है। श्री श्री दिन में ही चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। परेड ग्राउंड में शाम सात से रात नौ बजे तक श्री श्री का मुख्य कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में 15 हजार लोगों के जुटने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मोदी के लिए स्टेज लगनी शुरू
वहीं कैपिटल कांप्लेक्स में प्रधानमंत्री मोदी के लिए स्टेज लगनी शुरू हो गई है। यह स्टेज विधानसभा के दोनों ओर बने पौंड के बीच में लगेगी। स्टेज के दाईं ओर वीवीआईपी विराजमान होंगे।
सभी वीवीआईपी की एंट्री भी इस बार हाईकोर्ट की ओर से न होकर पंजाब एंड हरियाणा सचिवालय की तरफ से होगी। यहीं पर मोदी के काफिले के लिए पार्किंग बनेगी। स्टेज को इतनी मजबूती से बनाया जा रहा है कि किसी तरह की दिक्कत न हो। प्रधानमंत्री स्टेज पर कुछ देर के लिए ही बैठेंगे। इसके बाद वह नीचे लोगों के सामने बैठकर योगासन करेंगे।