हरियाणा के पानीपत पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
योग गुरु बाबा रामदेव ने किसान आंदोलन पर कहा कि बीच के रास्ते के बिना इसका समाधान नहीं निकलेगा। सरकार भी पीछे हटने वाली नहीं है और किसान भी पीछे नहीं हटने की बात कर रहे है। अगर दोनों में ही इस तरह गतिरोध बना रहा और पीछे नहीं हटे तो फिर तो लट्ठ ही बजेगा। बाबा रामदेव शुक्रवार को समालखा में महा सिंह के यहां शादी समारोह में उनके फार्म पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
स्वामी रामदेव ने कहा कि कोई भी क्षेत्र हो चाहे वो स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग... हर जगह सुधार की जरूरत होती है। कृषि क्षेत्र में सुधारवादी कृषि कानूनों की आवश्यकता है। तीनों कृषि कानूनों पर सरकार और किसानों के बीच गतिरोध है। बाबा रामदेव ने कहा कि वह किसी सरकार के प्रवक्ता नहीं है और ना ही हमें अनुबंध खेती करना है।
कानूनों में जो संशोधन आवश्यक थे, वे सरकार ने मान ली हैं। बात तीनों कानूनों को वापस लेने पर अड़ी हुई है। सरकार ने डेढ़ से तीन साल तक कानून लागू न कर समय बढ़ाने की भी बात कही है। साथ ही किसानों से बातचीत भी कर रही है। सरकार और किसान संगठनों को मिल बैठकर गतिरोध समाप्त करना चाहिए।