बाबा रामदेव और श्री श्री रविशंकर
- फोटो : file photo
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले चंडीगढ़ में योग मेगा फेस्ट की धूम होगी। 9 से 12 जून तक आयोजित होने वाले मेगा फेस्ट में योग से जुड़ी बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। मेगा फेस्ट का मुख्य कार्यक्रम रोज शाम को सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में होगा।
सबसे पहले 9 जून को आर्ट ऑफ लिविंग के श्री श्री रविशंकर चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। वह योग संबंधित विभिन्न जानकारियां योग प्रोटोकॉल की ट्रेनिंग ले रहे लोगों से सांझा करेंगे। श्री श्री रविशंकर के बाद 10 जून को आचार्य बालकृष्ण मेगा फेस्ट में आएंगे। आचार्य बालकृष्ण का पतजंलि योगपीठ में अहम रोल रहा है।
11 जून को मून लाइट में होगा योग
11 जून को चंडीगढ़ में पहली बार मून लाइट में योग होगा। परेड ग्राउंड में रात 8 बजे यह स्पेशल योग की क्लास शुरू होगी। इसमें योग से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। साथ ही विभिन्न संस्थाओं के वॉलंटियर्स और आम लोग भी हिस्सा ले सकेंगे।
12 जून को सुखना लेक पर 3डी लाइट शो
मेगा फेस्ट में योग को घर घर तक पहुंचाने वाले बाबा रामदेव अंतिम दिन 12 जून को आएंगे। बाबा रामदेव अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के लिए चल रही तैयारियों का जायजा भी लेंगे। वह योगासन संबंधी जरूरी टिप्स भी देंगे। इस दौरान वह सभी ट्रेनर्स से भी बातचीत करेंगे। 12 जून को ही सुखना लेक पर 3डी लाइट शो होगा।