जीरकपुर। पीरमुछल्ला के चैंप्स क्रिकेट अकादमी के मैदान में खेले गए मुकाबले में यतिन मेहता क्रिकेट अकादमी अंडर-16 की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर एनडब्ल्यूसीए को पांच विकेट से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी कर एनडब्ल्यूसीए की टीम 314 गेंदों में 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में यतिन मेहता क्रिकेट अकादमी की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर 25.1 ओवर में पांच विकेट खोकर 169 रन बनाया। एनडब्ल्यूसीए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। विरोधी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी में नाकाम रहे।
इसका फायदा यतिन मेहता क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों ने उठाया। टीम के गेंदबाज सिद ने शानदार गेंदबाजी कर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। सिड ने अपने पांच ओवर के स्पेल में शानदार प्रदर्शन कर मात्र 17 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी कसी गेंदबाजी के सामने एनडब्ल्यूसीए के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके। सिद के इस प्रदर्शन ने मैच का रुख पूरी तरह यतिन मेहता क्रिकेट अकादमी की तरफ मोड़ दिया। 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यतिन मेहता क्रिकेट अकादमी की टीम ने संयमित शुरुआत की। टीम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए रन गति बनाए रखी और लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सिद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।