फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सज रहा यादविंद्रा गार्डन

विज्ञापन
विज्ञापन
पिंजौर। यादविंद्रा गार्डन पिंजौर में पहुंचने वाले विदेशी मेहमानों की मेहमान नवाजी में कोई कसर न रह जाए इसके लिए प्रशासन सहित हरियाणा पर्यटन निगम तैयारियों में जुटा है। जी-20 प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में 31 मार्च को आयोजित होने वाले रात्रि भोज का आयोजन पिंजौर शहर के यादविंद्रा गार्डन में किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न देशों के लगभग 180 प्रतिनिधियों को रात्रि भोज के साथ-साथ यादविन्द्रा गार्डन की ऐतिहासिक धरोहर से भी रूबरू होने का मौका मिलेगा। मेहमानों को लुभाने के लिए गार्डन के 7 टैरेस को रंग-बिरंगी लाइटों सहित फूलों से सजाया जा रहा है। गार्डन की दीवारों पर पेंट आदि कर उन्हें चमकाया जा रहा है। सफाई व्यवस्था की भी पुख्ता किया जा रहा है। इसके अलावा गार्डन में लगे फव्वारों से रंग-बिरंगी लाइटों में निकलता पानी भी मेहमानों को अपनी ओर खींचेगा। गार्डन में फ्लड लाइट, हाई मास्ट लाइट से निकलती रोशनी गार्डन को और आकर्षक बनाएगी। दो हाईजेट फव्वारे जो अधिकतर बंद ही रहते हैं उन्हें भी मेहमानों के पहुंचने पर चलाया जाएगा। इसके साथ साथ बंद या खराब पड़े फव्वारों को ठीक कर दिया गया है। नहरों में लगे मार्बल आदि को साफ किया जा रहा है। वहीं, निर्बाध बिजली आपूर्ति करने के लिए विशेष रूप से बैकअप जनरेटर की व्यवस्था भी की जा रही है।
विज्ञापन


करीब 40 लावारिस कुत्तों को दिखाया बाहर का रास्ता
जानकारी के अनुसार, गार्डन परिसर में करीब 40 लावारिस कुत्ते घूमते रहते थे। अधिकतर लावारिस कुत्तों को पकड़कर अन्य जगह ले जाया गया है। विदेशी मेहमानों के लिए रात्रि भोज एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था गार्डन के अंतिम 7वें टैरेस पर की गई है। विदेेशी मेहमान गार्डन में प्रवेश करने के उपरांत गार्डन की छह मंजिलों को पार करते हुए 7वीं मंजिल पर पहुंचेंगे जहां पर वह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाएंगे।

बारिश से तैयारी में पड़ सकता है खलल
संभावना जताई जा रही है कि 31 मार्च को बारिश होगी। यदि मेहमानों के पहुंचने के दौरान बारिश होती है तो उनके स्वागत में की गई तैयारियों में खलल पड़ सकता है। बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन हर संभव तैयारी कर रहा है। इसके लिए रात्रि भोज स्थल पर वाटर प्रूफ टेंट की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पहले टैरेस से 7वें टैरेस तक पहुंचने के लिए खुले आसमान के नीचे से ही जाना पड़ेगा और यदि उस दौरान बारिश होती है तो मेहमानों को 7वें टैरेस तक ले जाने में समस्या का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि स्थिति से निपटने के लिए छतरियों का इंतजाम किया जा रहा है।
विज्ञापन


अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पिंजौर को मिलेगी पहचान
स्थानीय लोगों ने कहा कि उनके शहर में विभिन्न देशों के 180 मेहमानों के पहुंचने से पिंजौर शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। यह उनके लिए सम्मान की बात है। इसके अलावा उन्हें खुशी है कि मेहमानों के यादविंद्रा गार्डन पहुंचने पर गार्डन सजाया संवारा जा रहा है। इससे पहले प्रशासन की अनदेखी के चलते गार्डन की खूबसूरती कम होती जा रही थी और गार्डन पहुंचने वाले सैलानियों की संख्या में भारी गिरावट आई थी। उन्होंने कहा कि गार्डन की अंदर की चहारदीवरी के साथ बने फुटपाथ को भी सही किया जाए और इस फुटपाथ के साथ रोशनी की व्यवस्था की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें