जूनियर बेसिक टीचर्स (जेबीटी) के 418 पदों के लिए लिखित परीक्षा 27 जनवरी को होगी। इसके लिए 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक होगी। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च (एनआईटीटीटीआर) समग्र शिक्षा के तहत संचालित किए जाने वाली इस परीक्षा में 21,578 उम्मीदवार हिस्सा लेंगे।
चंडीगढ़ प्रशासन ने 18 आईएएस, एचसीएस और पीसीएस अधिकारियों को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इन अधिकारियों की एक बैठक सोमवार को सचिवालय में एजूकेशन सेक्रेटरी बीएल शर्मा की अध्यक्षता में की गई। बैठक के दौरान यह बताया गया कि निष्पक्ष परीक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। परीक्षा के दौरान कोई मोबाइल का प्रयोग न हो इसके लिए जैमर का उपयोग किया जाएगा। परीक्षा के लिए वीडियोग्राफी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
एक घंटे पहले केंद्रों पर होगा पहुंचना
पुलिस द्वारा बॉडी सर्चिंग किया जाएगा और किसी भी उम्मीदवार को मोबाइल, ब्लूटूथ, पेन ड्राइव, वॉच या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। समग्र शिक्षा अभ्यर्थियों को बॉल पेन प्रदान करेगा साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों में वॉल क्लॉक उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से 1 घंटा पहले परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्ट करना होगा और 10.30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को अनुमति नहीं दी जाएगी।