फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री सुखजिंदर रंधावा के खिलाफ अकाल तख्त को लिखित शिकायत, सड़कों पर उतरे सिख संगठन

Wed, 01 Jan 2020 02:12 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमृतसर(पंजाब)
विज्ञापन
मंत्री रंधावा के खिलाफ श्री अकाल तख्त को शिकायत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
श्री गुरु नानक देव जी के बारे में टिप्पणी कर विवादों के घेरे में आए मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के खिलाफ श्री अकाल तख्त को लिखित शिकायत दी गई है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सीनियर उपाध्यक्ष भाई राजिंदर सिंह मेहता ने एसजीपीसी सदस्यों के साथ श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के निजी सचिव जसपाल सिंह को एक ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन


इसमें उन्होंने मांग की कि मंत्री रंधावा ने श्री गुरु नानक देव जी के बारे में विवादित टिप्पणी कर सिखों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। इसलिए रंधावा के विरुद्ध पंथक मर्यादाओं के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाए। उनके साथ एसजीपीसी कार्यकारिणी के सदस्य मंगविन्दर सिंह खापड़खेड़ी, भाई मंजीत सिंह, भाई राम सिंह, हरजाप सिंह सुल्तानविंड और गुरप्रीत सिंह झब्बर भी मौजूद थे।

भाई मेहता व एसजीपीसी सदस्यों ने अमृतसर के पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह से मुलाकात कर मंत्री रंधावा के विरुद्ध धारा 295-ए सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की। मीडिया से बातचीत में मेहता ने कहा कि मंत्री रंधावा ने सत्ता के नशे में पहले गुरु के विरुद्ध विवादित टिप्पणी की है। ऐसे व्यक्ति का एक जिम्मेदार पद पर बैठना तो दूर, सिख समाज में भी कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
विज्ञापन


इस अवसर पर एसजीपीसी सदस्य भाई मंजीत ने कहा कि सिख धर्म के अंदर गुरु साहिबान का आदर-सत्कार सिखों के लिए अपनी जान से भी अधिक है। गुरु साहिबान के विरुद्ध बोलने वाला व्यक्ति सिख नहीं हो सकता। मंत्री रंधावा ने सिखों की धार्मिक भावनाओं व गुरु साहिब के सम्मान को चोट की है। इसको सिख कौम सहन नहीं करेगी। इस अवसर पर एसजीपीसी के प्रवक्ता कुलविंदर सिंह रमदास भी मौजूद थे।
Trending Videos

फतेहगढ़ साहिब: जेल मंत्री रंधावा के खिलाफ एसएसपी को शिकायत

जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अमरदीप सिंह धारनी ने एसएसपी अमनीत कौंडल के पास जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा पर सिख धार्मिक भावनाओं को आहत करने की एक शिकायत देकर मामला दर्ज करने की मांग की है। साथ ही सरकार से रंधावा को कैबिनेट पद से निरस्त करने की भी मांग की है। एडवोकेट धारनी ने अपनी शिकायत के साथ एसएसपी को घटनाक्रम का वीडियो डीवीडी बनाकर भी सौंपा है। एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि शिकायत की जांच एसपीडी को सौंप दी गई है कानून अनुसार बनती कार्रवाई की जाएगी।

लुधियाना : शिअद ने ज्ञापन देकर की रंधावा पर केस दर्ज करने की मांग
श्री गुरु नानक देव जी पर विवादित टिप्पणी के मामले में शिरोमणि अकाली दल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को घेरने की पूरी तैयारी में है। मंगलवार को सीनियर शिअद नेता महेश इंदर ग्रेवाल की अगुवाई में अकाली नेता पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल से मिले। नेताओं ने मंत्री के खिलाफ शिकायत देकर उनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वह इस मामले की जांच करवाने के बाद उचित कार्रवाई करेंगे।

शिअद नेता महेश इंदर ग्रेवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, इसमें कैबिनेट मंत्री रंधावा गुरुनानक देव जी की तुलना कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ कर रहे हैं। यह सिख संगत की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ है। वह तीन दिन से इंतजार कर रहे थे कि शायद सीएम इस मामले में अपने स्तर पर कोई कार्रवाई करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद मंगलवार को सीनियर अकाली नेता पुलिस कमिश्नर से मिले और उन्हें शिकायत देकर तुरंत मामला दर्ज करने की मांग की है।

ग्रेवाल के अनुसार उन्होंने शिकायत के साथ सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला भी दिया है, जिसमें साफ कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करता है तो इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारी तुरंत उसके खिलाफ मामला दर्ज कर सकता है। पुलिस कमिश्नर ने उनसे पूछा कि वीडियो कहां बनाया गया है। इस पर अकालियों ने कहा कि यह पंजाब भवन का है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं करेगी, तो अकाली दल संघर्ष करेगा। इस मौके पर जिला शिअद प्रधान रणजीत सिंह ढिल्लों सहित कई नेता मौजूद थे।

फरीदकोटः कैबिनेट मंत्री के खिलाफ शिकायत सौंपी

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के मामले को लेकर शिअद की जिला फरीदकोट ईकाई ने मंगलवार को डिप्टी कमिशनर व एसएसपी को लिखित शिकायत सौपी। शिकायत में राज्य के कैबिनेट मंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

शिअद जिलाध्यक्ष व कोटकपूरा के पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़, पार्टी प्रवक्ता व फरीदकोट के हलका इंचार्ज परमबंस सिंह बंटी रोमाना ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कैबिनेट मंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा सिखों के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी की तुलना मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ कर रहे है। इससे समूचे सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

शिअद ने अपनी शिकायत के माध्यम से कैबिनेट मंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा के खिलाफ सिख धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में आपराधिक केस दर्ज करने की मांग की है। इस मौके पर हलका इंचार्ज जैतो सूबा सिंह बादल, एसजीपीसी सदस्य शेर सिंह मंड, एसजीपीसी सदस्य गुरविंदर कौर भोलूवाला, शिअद के शहरी जिलाध्यक्ष सतीश ग्रोवर हाजिर थे।

पठानकोटः सिख संगठनों ने घेरा एसएसपी ऑफिस

कैबिनेट मंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा के वायरल वीडियो का विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को पठानकोट के सिख संगठनों ने एसएसपी के दफ्तर के सामने अकाली दल जिला पठानकोट यूथ प्रधान जसप्रीत सिंह राणा की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।

जत्थेबंदियों ने एसपी हेडक्वार्टर मनोज ठाकुर को मांगपत्र सौंप रंधावा पर 295ए के तहत कार्रवाई करने की मांग की।  प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन को बड़े पैमाने पर किए जाने का एलान किया। जसप्रीत राणा ने कहा कि सिखों के पहले गुरु गुरुनानक देव जी की तस्वीर की तुलना मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

इससे न केवल पंजाब बल्कि समस्त विश्व के सिखों में रोष पाया जा रहा है। पुलिस ने मंत्री पर कार्रवाई न की तो प्रदर्शन उग्र होगा। इसकी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी। मौके पर दलजीत सिंह माहीचक्क, सुच्चा सिंह, अमरजीत सिंह, जरनैल सिंह, नवदीप सिंह, लवली, बलविंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, जत्थेदार गुरमीत सिंह, जत्थेदार कर्मजीत सिंह, सुखराज सिंह, गुरजिन्द्र सिंह मौजूद थे।
विज्ञापन

मेरा मीडिया ट्रायल हो रहा है : रंधावा

पंजाब के सहकारिता और जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा अपने खिलाफ धार्मिक विवाद संबंधी मीडिया में चल रही खबरों से खासे नाराज हैं। श्री गुरु नानक देव जी की बेअदबी के जो उनके पर अकाली दल ने आरोप लगाए हैं, मंगलवार को उन्होंने उन पर कुछ भी कहने से इंकार करते हुए केवल इतना कहा कि मीडिया पहले उनका ट्रायल कर ले। उसके बाद वे पूरी बात बताएंगे।

मिल्कफेड के नए चेयरमैन कैप्टन हरमिंदर सिंह के चेयरमैन का पद संभालने के मौके पर पहुंचे रंधावा, उस समय असहज होकर चले गए जब पत्रकारों ने उनसे धार्मिक विवाद बारे उनसे सवाल पूछने शुरू किए। उन्होंने विवाद के बारे में सारा दोष अकाली दल और मीडिया के एक धड़े पर लगाया।  उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया बिना वजह उनके मामले को तूल दे रहा है बल्कि माहौल भी खराब कर रहा है।

रंधावा ने कहा कि वे ऐसे मीडिया घरानों के खिलाफ सौ करोड़ का मानहानि का दावा करने जा रहे हैं और इस मामले में एक शिकायत बटाला के एसएसपी को भी दे चुके हैं। साथ ही साइबर क्राइम विंग से भी जांच की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ वायरल किया गया वीडियो तोड़ मरोड़ तक जारी किया गया है ताकि उनकी छवि खराब की जा सके।

बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रंधावा को हाथ में एक फोटो लेकर चलते हुए दिखाया गया है और उसमें यह साबित करने की कोशिश की जा रही है कि वे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तुलना पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी से कर रहे हैं। रंधावा ने इस वीडियो को फर्जी करार दिया है लेकिन वीडियो में वे किसका फोटो लेकर चलते दिखाई दे रहे हैं, इसका खुलासा उन्होंने अभी तक नहीं किया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें